चंडीगढ़: कुमारी शैलजा ने अध्यक्ष और पूर्व सीएम भूपिंदर सिंह हुड्डा ने विधायक दल के नेता का पदभार कल संभाल लिया लेकिन हरियाणा कांग्रेस में गुटबाजी अब भी ख़त्म नहीं हुई। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक तंवर ने कार्यक्रम से दूरी बनाकर रखी तो कुलदीप बिश्नोई भी कहीं नजर नहीं आये। माना जा रहा है कि इन नेताओं को बात कुछ हजम नहीं हुई वहीं हरियाणा मामलों के प्रदेश प्रभारी गुलाम नबी आजाद ने कहा कि अब प्रदेश में गुटबाजी नहीं बर्दाश्त की जाएगी, एक होकर लड़ने का समय है।
पूर्व सीएम हुड्डा के लिए अब करो या मरो का समय आ गया है। हुड्डा लगभग 73 साल के होने वाले हैं और संभवतः यह उनका अंतिम चुनाव होगा ऐसे में वो हरियाणा कांग्रेस को अगले महीने होने वाले चुनावों किस ऊंचाई तक पहुंचा पाते हैं ये तो समय ही बताएगा।
कल ताजपोशी के समय कार्यकर्ताओं का जोश देख पूर्व सीएम हुडडा ने कहा कि भाजपा सरकार ने वर्ष 2014 में 154 वादों के साथ अपना घोषणा पत्र जारी किया था जिसमें से कोई भी वादा आज तक पूरा नहीं किया गया है। उन्होंने हालात का मुकाबला करने की अपील करते हुए भाजपा के पन्ना प्रमुखों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है, जब कांग्रेसियों को भाजपा के पन्ना प्रमुखों के पन्ने फाड़कर अपने बूथ मजबूत करना है। हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस के कार्यकर्ता जब मैदान में उतरेंगे तो भाजपा के पन्ना प्रमुख कहीं नजर नहीं आएंगे।
Post A Comment:
0 comments: