Faridabad Assembly

Palwal Assembly

Faridabad Info

हरियाणा पुलिस की ‘दुर्गा शक्ति ऐप’ को मिला स्कॉच कांस्य पुरस्कार

HaryanaPolice has once again bagged Skoch Bronze Award
हमें ख़बरें Email: psrajput75@gmail. WhatsApp: 9810788060 पर भेजें (Pushpendra Singh Rajput)

चंडीगढ़, 30 अगस्त- हरियाणा पुलिस को एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है। गत सप्ताह प्रशिक्षण व क्षमता निर्माण तथा सामुदायिक पुलिसिंग के लिए फिक्की स्मार्ट पुलिसिंग अवार्ड से नवाजे जाने के बाद, अब हरियाणा पुलिस की ‘दुर्गा शक्ति ऐप’ को स्कॉच शिखर सम्मेलन-2019 के दौरान स्कॉच कांस्य पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।
  पुलिस विभाग के प्रवक्ता ने आज यहां यह जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस आयुक्त गुरुग्राम, मौहम्मद अकील, जिनके पास एडीजीपी मुख्यालय का भी अतिरिक्त कार्यभार है, ने हरियाणा पुलिस की ओर से राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कल आयोजित एक समारोह में स्कॉच अवार्ड प्राप्त किया। 
  पुलिस अधिकारियों को बधाई देते हुए पुलिस महानिदेशक, श्री मनोज यादव ने कहा कि यह बहुत ही गर्व की बात है कि राज्य पुलिस की दुर्गा शक्ति ऐप को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है। उन्होंने दुर्गा शक्ति ऐप की समस्त टीम को इस उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए बधाई दी।

  उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल द्वारा गत वर्ष 12 जुलाई को महिला सुरक्षा को बढ़ावा देने व आपात स्थिति में तुंरत पुलिस सहायता मुहैया करवाने के उद्देश्य से दुर्गा शक्ति ऐप की षुरुआत की गई थी। यह ऐप गूगल और ऐप्पल प्ले स्टोर पर उपलब्ध है और इसे मुफ्त में डाउनलोड किया जा सकता है। कोई भी महिला इस ऐप पर पंजीकरण कर सकती है और आपातकालीन स्थिति में कॉल या अलर्ट बटन दबा कर पुलिस सहायता प्राप्त कर सकती है। इस पर, उपयोगकर्ता की लोकेशन तुरंत दुर्गा शक्ति ऐप हेल्पलाइन नंबर पर भेजी जाएगी और पास में तैनात पुलिस टीम को उसकी मदद के लिए तुरंत भेजा जा सकता है। इसके अतिरिक्त, उपयोगकर्ता द्वारा दिए गए आपातकालीन संपर्क नम्बर पर भी एक एसएमएस भेजा जाता है।

        प्रवक्ता ने कहा कि पुलिस राज्य में महिलाओं और लड़कियों को सुरक्षित माहौल मुहैया करवाने के लिए लगातार काम कर रही है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी नियमित रूप से राज्य भर के स्कूलों, कॉलेजों, अन्य संस्थानों और आवासीय क्षेत्रों का दौरा कर लड़कियों व महिलाओं से सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ऐप डाउनलोड करने का अनुरोध किया जा रहा है। उन्हें अपने परिवार के सदस्यों एवं दोस्तों के लिए भी इसे डाउनलोड करने का आग्रह किया जाता है। ऐप को और लोकप्रिय बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके अलावा, राज्य में महिलाओं और लड़कियों से संबंधित छेड़छाड़ और अन्य अपराधों की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए दुर्गा शक्ति रैपिड एक्शन फोर्स का भी गठन किया गया है।  
फेसबुक, WhatsApp, ट्विटर पर शेयर करें

Post A Comment:

0 comments: