नई दिल्ली: हरियाणा कांग्रेस के कई नेता 11 अप्रैल का इन्तजार कर रहे हैं। माना जा रहा है कि 11 अप्रैल को लोकसभा चुनावों के लिए कांग्रेस अपने उम्मीदवार मैदान में उतार देगी। हरियाणा अब तक को अपने सूत्रों से जो जानकारी मिली है उसके मुताबिक़ कुरुक्षेत्र से नवीन जिंदल और भिवानी-महेंद्रगढ़ से श्रुति चौधरी को टिकट मिल सकती है। सोनीपत से भूपेंद्र सिंह हुड्डा का नाम सबसे आगे चल रहा है लेकिन अगर हुड्डा मैदान से हटे तो उनके किसी ख़ास को वहां से मैदान में उतारा जाएगा। पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी सैलजा को अम्बाला से टिकट मिल सकती है। करनाल से पूर्व केंद्रीय मंत्री विनोद शर्मा या उनके पुत्र कार्तिक शर्मा को टिकट मिलने की सम्भावना है। हाल में भाजपा में शामिल हुए पूर्व सांसद अरविन्द शर्मा को भाजपा ने टिकट नहीं दिया और अफवाहें है कि वो भाजपा छोड़ सकते हैं और कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं ऐसे में उन्हें भी करनाल से टिकट का दावेदार बताया जा रहा है।
हिसार में कुलदीप बिश्नोई अपने बेटे भव्य बिश्नोई के लिए टिकट मांग रहे हैं, लेकिन साथ ही भाजपा के साथ भी संपर्क बनाए हुए हैं। भाजपा में अगर बात नहीं बनती तो वे खुद या उनका बेटा भव्य कांग्रेस टिकट पर हिसार से मैदान में आ सकते हैं। सिरसा से पूर्व सांसद एवं पार्टी प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर को टिकट मिलना लगभग तय है।
फरीदाबाद से तीन बार सांसद रहे अवतार सिंह भड़ाना के ही कांग्रेस टिकट पर मैदान में आने की अधिक संभावना है। भड़ाना भाजपा में थे और उत्तर प्रदेश से विधायक थे । भाजपा से इस्तीफा देने के बाद उन्होंने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। माना जा रहा है कि यहां से पार्टी भड़ाना पर ही विश्वास जता सकती है। पूर्व मंत्री महेंद्र प्रताप सिंह भी टिकट की दौड़ में शामिल हैं। गुरुग्राम से पूर्व वित्त मंत्री कैप्टन अजय यादव को उतारने की संभावना है। रोहतक से दीपेंद्र सिंह हुड्डा को टिकट मिलनी तय है। ये नाम सूत्रों से मिली जानकारी के हिसाब से लिखे गए हैं इनमे थोड़ा फेरबदल संभव है ज्यादा नहीं।
Post A Comment:
0 comments: