चण्डीगढ, 16 अप्रैल- हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने कहा कि आगामी 26 अप्रैल को राज्य के सभी 22 खिलाडि़यों को चण्डीगढ़ बुलाकर हरियाणा सरकार की ओर से समारोहपूर्वक सम्मानित किया जाएगा। इन कॉमनवेल्थ ख्ेलों में पदक प्राप्त करने वाले खिलाडि़यों को स्वर्ण पदक के लिए डेढ़ करोड़, रजत पदक के लिए 75 लाख और कांस्य पदक के लिए 50 लाख रूपये का पुरस्कार सरकार की ओर से दिया जाएगा तथा वे स्वयं झज्जर जाकर प्रसिद्ध खिलाड़ी मनु भाकर को डेढ करोड़ रूपये की राशि से पुरस्कृत सम्मानित करेंगे।
यह जानकारी आज उन्होंने पानीपत के गांव सिवाह में 17 करोड़ रुपए की लागत से बनाए जाने वाले नए सामान्य व सिटी बस स्टेण्ड और वर्कशाप की आधारखिला रखने के उपरांत जनसभा को संबोधित करते हुए की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा खिलाडि़यों का प्रदेश है। हरियाणा की जनसंख्या भारत की जनसंख्या का मात्र 2 प्रतिशत भले ही हो, लेकिन कॉमनवेल खेलों में जहां भारत ने 66 पदक प्राप्त करके इन खेलों में तीसरा स्थान प्राप्त किया है, वहीं हरियाणा के खिलाडि़यों विशेषकर महिला खिलाडि़यों ने 22 पदक प्राप्त करके भारत को पदक जीतने में 33 प्रतिशत का योगदान दिया है। उससे भी बड़ी खुशी की बात यह है कि सिवाह गांव की बेटी संतोष कुमारी ने गत वर्ष ऑल इंडिया पुलिस खेलों में गोल्ड मैडल प्राप्त करके पानीपत, हरियाणा और भारत का नाम रोशन किया है।
मनोहर लाल ने कहा कि हरियाणा विश्व का एकमात्र ऐसा प्रदेश है, जो ओलम्पिक में स्वर्ण पदक लाने वाले प्रदेश के खिलाड़ी को 6 करोड़ रूपये, रजत पदक लाने वाले को 4 करोड़ और कास्य पदक लाने वाले खिलाड़ी को 2.5 करोड़ रूपये का ईनाम देगा। यही नहीं, हरियाणा प्रदेश की एचसीएस और एचपीएस सहित सभी प्रकार की सरकारी सेवाओं में खिलाड़ी की योग्यता के अनुसार नियुक्ति दी जाएगी।
इस मौके पर परिवहन मंत्री कृष्णलाल पंवार, सांसद अश्वनी चौपड़ा, विधायक महीपाल ढांडा, शहरी विधायक रोहिता रेवड़ी, समालखा के विधायक रविन्द्र मच्छरौली, जिला भाजपा अध्यक्ष प्रमोद विज, पूर्व जिला अध्यक्ष गजेन्द्र सलूजा मौजूद थे।