CM Bhupinder Singh Hooda Address Hayana Punjabi Maha Sammelan In Faridabad
Posted by Pushpendra Singh Rajput at 7:02 pm 0 Comment Print


Faridabad Sunday 19 August 2012. हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा है कि हरियाणा के विकास में पंजाबियों का योगदान सराहनीय रहा है। विभाजन के समय वे अपना सब कुछ पाकिस्तान में छोडक़र अपने देश के प्रति लगाव के कारण यहां आ गए थे। श्री हुड्डा ने यह बात आज फरीदाबाद के दशहरा मैदान में आयोजित हरियाणा पंजाबी सम्मेलन में कही, जिसका आयोजन फरीदाबाद के महापौर श्री अशोक अरोड़ा ने किया। सम्मेलन की अध्यक्षता उद्योगपति श्री अमरजीत चावला ने की।
श्री हुड्डा ने कहा कि फरीदाबाद का रिश्ता सीधा नेहरू परिवार से है। पंडित जवाहरलाल नेहरू ने फरीदाबाद की नींव रखी और इसे आगे बढ़ाया। उन्होंने पाकिस्तान से आए परिवारों को सहायता की पेशकश की, लेकिन पंजाबियों ने कहा कि हमें काम करने की सुविधा दी जाए। आज अपनी कड़ी मेहनत और ईमानदारी से पंजाबियों ने एक मुकाम हासिल कर लिया है। फरीदाबाद का औद्योगिक विकास उनकी मेहनत का फल है।
श्री हुड्डा ने कहा कि पंजाबियों की मेहनत ने दूसरे समाज के लोगों में भी आत्मविश्वास की भावना पैदा की है। बेगानों को कैसे अपना बनाया जाता है, यह गुण उनसे सीखा जा सकता है। श्री हुड्डा ने कहा कि पहले संयुक्त पंजाब था, इस लिहाज से हम सब पंजाबी हैं। अब हमें हरियाणवी होने पर गर्व होना चाहिए और हरियाणा की तरक्की के लिए मिलकर काम करना चाहिए।
फरीदाबाद का जिक्र करते हुए श्री हुड्डा ने कहा कि वर्ष 2005 से पहले फरीदाबाद के विकास पर कोई ध्यान नहीं दिया गया और इनेलो-भाजपा के शासनकाल में 1999 से 2005 तक फरीदाबाद जिले के विकास पर लगभग 502 करोड़ रुपए का खर्च हुआ। जबकि 2005 से 2012 के सात वर्षों में हमारी सरकार ने विकास कार्यों पर 3559 करोड़ रुपए खर्च किए हैं। फरीदाबाद में 2500 करोड़ रुपए की राशि खर्च करके मैट्रो आ रही है। एक हजार करोड़ रुपए की लागत से आईएमटी की स्थापना हो रही है। वाईएमसीए कालेज को विश्वविद्यालय बना दिया गया है। मेडिकल कालेज और इंजीनियरिंग कालेज बन रहे हैं। आज फरीदाबाद का चेहरा बदल रहा है और यह हरियाणा के सर्वश्रेष्ठ औद्योगिक नगर के रूप में विकसित हो रहा है।
हरियाणा के विकास की चर्चा करते हुए श्री हुड्डा ने कहा कि पिछले सात वर्षों में हरियाणा ने उल्लेखनीय प्रगति की है। प्रति व्यक्ति निवेश की दृष्टि से यह 14वें स्थान से पहले स्थान पर आ गया है। प्रति व्यक्ति आय में गोवा को छोडक़र यह अन्य राज्यों में सबसे आगे है। गेहूं उत्पादकता में भी हरियाणा पहले नंबर पर है। शिक्षा के क्षेत्र में हरियाणा तेजी से आगे बढ़ रहा है। आईएएस और आईआईएम की परीक्षाओं में भी हरियाणा के बच्चों ने पहला स्थान प्राप्त किया है।
सम्मेलन के आयोजक श्री अशोक अरोड़ा द्वारा रखी गई मांगों का जिक्र करते हुए श्री हुड्डा ने कहा कि विभाजन के समय पंजाबियों को बहुत त्याग करना पड़ा है लेकिन वे देशभक्ति की भावना के कारण अपना घरबार छोडक़र यहां आ गए। श्री हुड्डा ने कहा कि हजारों लोग विभाजन के समय हिंसा का शिकार हुए, उनकी स्मृति में हरियाणा में एक स्मारक बनाया जाएगा। पंजाबी समुदाय के सामुदायिक केंद्र के लिए तीन एकड़ के प्लॉट की मांग के सिलसिले में श्री हुड्डा ने कहा इसके लिए जमीन की तलाश की जाएगी और जैसे ही संभव होगा इसे पूरा किया जाएगा। पंजाबी भाषा का जिक्र करते हुए श्री हुड्डा ने कहा कि उनकी सरकार ने पंजाबी भाषा को हरियाणा में दूसरी भाषा का दर्जा दिया है। स्कूलों में जहां पंजाबी पढऩे वाले कम से कम दस बच्चे हैं, वहां पंजाबी के अध्यापक की व्यवस्था की जा रही है।
श्री हुड्डा ने कहा हमारे प्रिय नेता और भूतपूर्व प्रधानमंत्री श्री राजीव गांधी की कल जयंती है, इस उपलक्ष्य में हम आज इस सम्मेलन में उन्हें याद कर रहे हैं और श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं। देश की उन्नति के लिए उन्होंनेे आधुनिक प्रौद्योगिकी अपनाए जाने पर जोर दिया। मतदान की आयु 21 से घटाकर 18 वर्ष की और पंचायतों का सशक्तिकरण किया। उनके जन्मदिन को हम अक्षय ऊर्जा दिवस एवं सद्भावना दिवस के रूप में मनाते हैं।
श्री हुड्डा ने महापौर अशोक अरोड़ा की सराहना करते हुए कहा कि एक साधारण कार्यकर्ता से उठकर वे फरीदाबाद के महापौर बने हैं। आज इस सम्मेलन का आयोजन करके उन्होंने बहुत सराहनीय कार्य किया है।
श्री हुड्डा ने सभी लोगों का आह्वान करते हुए कहा कि सभी को प्रदेश और देश की तरक्की के लिए मिलकर काम करना चाहिए। इससे पहले श्री हुड्डा ने रोज गार्डन में स्वर्गीय श्री राजीव गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण भी किया।
इससे पूर्व मुख्यमंत्री हरियाणा श्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा का पंजाबी महासम्मेलन में पंजाबी समुदाय की ओर से कृपाण साहब भेंट कर तथा उन्हें फूलों का बड़ा हार पहनाकर व पगड़ी बांधते हुए भव्य स्वागत किया।
सम्मेलन में लोकसभा के सांसद श्री राजबब्बर ने कहा कि श्री राजीव गांधी ने देश को उन्नति का रास्ता दिखाया और देश के विकास को आगे बढ़ाया। हरियाणा में श्री हुड्डा प्रदेश का विकास कर रहे हैं। पंजाबियों की चर्चा करते हुए श्री बब्बर ने कहा कि जहां पंजाबी हैं, वहां तरक्की है। श्री हुड्डा तरक्की पसंद है और ऐसे ही व्यक्ति की उंगली पकड़ी जानी चाहिए। श्री बब्बर ने यह भी कहा कि हरियाणा के खिलाडिय़ों ने देश का सम्मान बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि खेल वहीं खेले जाते हैं, जहां खुशहाली होती है और तरक्की होती है। आज फरीदाबाद के साथ-साथ हरियाणा के सभी क्षेत्र तरक्की कर रहे हैं।
सांसद श्री अवतार सिंह भड़ाना ने कहा कि जब से श्री हुड्डा की सरकार ने
कार्यभार संभाला है, फरीदाबाद में फिर से विकास का पहिया घूमा है। जितना इनके समय में विकास हुआ है, उतना पिछले किसी मुख्यमंत्री के समय में नहीं हुआ। हमें पंजाबी भाइयों से सीखना चाहिए। उन्होंने संघर्ष, मेहनत और ईमानदारी से अपना मुकाम बनाया है। श्री भड़ाना ने पंजाबी बिरादरी के राजनीतिक अस्तित्व को मजबूत बनाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। उन्होंने नाहर सिंह स्टेडियम का विकास कराने की बात भी कही।
हरियाणा के राजस्व मंत्री श्री महेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि हरियाणा का अपना ऐतिहासिक महत्व है। विभाजन के समय पंजाबियों ने बहुत तकलीफें झेली है, लेकिन यहां आकर उन्होंने हाथ नहीं फैलाया और कहा कि हमें काम करने की सुविधा चाहिए। आज फरीदाबाद का जो नव निर्माण हो रहा है, उनमें पंजाबियों का बहुत महत्वपूर्ण योगदान है।
पूर्व मंत्री और विधायक श्री विनोद शर्मा, विधायक श्री आनंद कौशिक और विधायक श्री रघुबीर सिंह तेवतिया, पूर्व मंत्री श्री धर्मबीर गाबा और जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्री बीआर ओझा ने भी कहा कि आज हरियाणा प्रगति के पथ पर है। लोग आज भयमुक्त वातावरण में रह रहे हैं। पहले जैसा शोषण नहीं होता। उन्होंने फरीदाबाद की तरक्की में पंजाबियों के योगदान की भी सराहना की।
इस मौके पर कांग्रेसी नेता बलजीत कौशिक, ललित नागर, धर्मबीर भड़ाना, युवा नेता विजय शर्मा, लखपतराय जुनेजा, प्रसिद्ध उद्योगपति केसी लखानी, आरएस गांधी, डा. ओपी भल्ला, रामशरण भाटिया, परमजीत चावला, ज्ञानचंद आहुजा, आईजे कालिया, गुलशन बग्गा, शहीद-ए-आजम के पौत्र यादवेंद्र सिंह संधू, रमेश सहगल, वासदेव अरोड़ा, राधेश्याम कालड़ा, अब्दुल गफ्फार कुरैशी, बिट्टू पंजाबी, प्रवीण ग्रोवर, योगेश गौड़, लखन सिंगला, नेत्रपाल अधाना सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।
Related Posts
-
Sex racket busted in Delhi, woman pimp arrested
~ Faridabad NCR, Featured
19 Jun , at 8:28 AM
-
Yamuna flowing 1.57 metre above danger level in Delhi, thousands evacuated
~ Faridabad NCR, Featured
19 Jun , at 8:26 AM
-
PHOTOS: Faridabad, Ballabgarh, Palwal attacked By Yamuna
~ Faridabad NCR, Featured
19 Jun , at 7:48 AM
-
Master of the skies: Indian Air Force has a new pride and joy as C-17 arrives in Hindon
~ Faridabad NCR, Featured
19 Jun , at 6:43 AM
-
Delhi on flood alert: As the Yamuna hits its highest ever levels
~ Faridabad NCR, Featured
19 Jun , at 6:14 AM
